दुर्ग | नगर पालिक निगम दुर्ग ने निगम की संपत्तियों का किराया लंबे समय से जमा नहीं करने वाले गुमटीधारियों पर सख्त कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने मानस भवन के पास संचालित अस्थाई गुमटियों को सीलबंद कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर निगम के बाजार विभाग के ईश्वर वर्मा और शशिकांत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए मानस भवन के पास संचालित 16 अस्थाई गुमटियों को सीलबंद कर दिया।

निगम प्रशासन के अनुसार संबंधित गुमटीधारियों को बकाया किराया जमा करने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया|| था, लेकिन इसके बावजूद किराया राशि जमा नहीं की गई। इसी के चलते निगम ने यह सख्त कदम उठाया।

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र में जिन दुकानदारों द्वारा निगम की संपत्तियों का बकाया किराया जमा नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ भी इसी प्रकार सीलबंद की कार्रवाई कर संपत्ति को निगम आधिपत्य में लिया जाएगा।

निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि निगम की संपत्तियों का किराया समय पर जमा करना सभी के लिए अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।