रायपुर में 200 बिस्तरीय अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का शुभारंभ

रायपुर। विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित बालाजी हॉस्पिटल परिसर में 200 बिस्तरीय अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बालाजी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल की नवनिर्मित इकाइयों का लोकार्पण करते हुए वहां उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार राज्य की प्रगति और सशक्त होते आधारभूत ढांचे का स्पष्ट प्रमाण है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रदेश निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य रजत जयंती वर्ष मना रहा है। राज्य गठन के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं अब 14 से 15 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि अपने दो वर्ष के कार्यकाल में 5 से 6 नए अत्याधुनिक अस्पतालों का शुभारंभ किया गया है, जिससे आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कैंसर अस्पताल में मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा, जिससे उनके उपचार में आर्थिक बोझ कम होगा।

इस अवसर पर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. तेजस नायक, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक, आर. के. नायक, सत्यवती नायक सहित अस्पताल प्रबंधन, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *