कोंडागांव : कोंडागांव जिले में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता रोकने के लिए कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने विशेष मॉनिटरिंग अभियान का निर्देश दिया था। इसी अभियान के तहत की गई अचानक जांच में अधिकारियों ने कुल 248 क्विंटल धान जब्त किया है।
अभियान का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अजय उरांव ने किया। तहसीलदार माकड़ी समेत खाद्य विभाग और मंडी कर्मचारियों की संयुक्त टीम भी उनके साथ मौजूद थी। टीम ने अलग-अलग गांवों में निरीक्षण किया, जिसमें कई स्थानों पर अवैध भंडारण के मामले उजागर हुए।
जांच में तितना गांव (ग्राम पंचायत सोड़सिवनी) में दीपक साहू के पास से 82.80 क्विंटल, ग्राम पंचायत लुभा के घूमेंद्र पांडेय के पास से 86 क्विंटल, और हाड़ीगांव निवासी रोहित नेताम के गोदाम से 80 क्विंटल धान बरामद किया गया। प्रशासन ने सभी धान को छत्तीसगढ़ मंडी अधिनियम के तहत सुरक्षित कर आगे की कार्यवाही हेतु जब्त कर लिया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, अनियमित परिवहन और कालाबाजारी के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती के साथ चालू रहेगा।
प्रशासन का मानना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी सतत निगरानी बेहद आवश्यक है।
कोंडागांव में की गई यह कार्रवाई जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।