
नई दिल्ली। 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के विजेताओं की घोषणा हो चुकी है, जिसमें बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान और विक्रांत मैसी ने संयुक्त रूप से बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड अपने नाम किया है। शाहरुख को यह पुरस्कार उनकी सुपरहिट फिल्म ‘जवान’ के लिए मिला, वहीं विक्रांत मैसी को फिल्म ‘12वीं फेल’ के लिए सम्मानित किया गया। यह दोनों कलाकारों के करियर का पहला नेशनल अवॉर्ड है, जिससे उनके फैंस में खुशी की लहर है।
बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड रानी मुखर्जी को उनकी फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ के लिए दिया गया है। रानी मुखर्जी के इस दमदार प्रदर्शन को खूब सराहना मिली थी और अब नेशनल अवॉर्ड ने इस उपलब्धि पर मुहर लगा दी है।
इस बार बेस्ट हिंदी फिल्म का खिताब ‘कटहल’ को मिला है, जबकि रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ को स्पेशल मेंशन से नवाजा गया है। बेस्ट तेलुगु फिल्म का पुरस्कार ‘भगवंत केसरी’ को मिला है।
वहीं, बेस्ट नॉन फीचर फिल्म का अवॉर्ड ‘द साइलेंट एपिडेमिक’ को दिया गया। बेस्ट फिल्म स्क्रिप्ट का खिताब ‘सनफ्लावर वर द फर्स्ट वन्स टू नो’ को और बेस्ट फिल्म क्रिटिक्स का पुरस्कार उत्पल दत्ता को दिया गया है।
यह अवॉर्ड्स समारोह 2022 में रिलीज हुई फिल्मों के लिए आयोजित किया गया था और विजेताओं की घोषणा 2025 में की गई है।