विकास की नई राह पर सुकमा : किष्टाराम में ग्रामीण बैंक शाखा का शुभारंभ, 10 हज़ार से अधिक ग्रामीण होंगे लाभान्वित

(सुकमा)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा अपने एकदिवसीय प्रवास पर किष्टाराम पहुँचे, जहाँ उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की नई शाखा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शाखा उद्घाटन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भेंटकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें योजनाओं का लाभ सीधे मिल रहा है। नई शाखा से आठ ग्राम पंचायतों के 42 गाँव और 10 हज़ार से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।

सरकार का संकल्प: माओवाद मुक्त बस्तर

अपने संबोधन में विजय शर्मा ने कहा कि “किष्टाराम प्रदेश का अंतिम छोर नहीं, बल्कि पहला गाँव है जहाँ से विकास यात्रा प्रारंभ होती है।” उन्होंने घोषणा की कि मार्च 2026 तक प्रदेश से माओवाद का जड़ से उन्मूलन किया जाएगा। साथ ही भटके हुए युवाओं से मुख्यधारा में लौटकर विकास में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम में पाँच हितग्राहियों को ग्रामीण बैंक की नई पासबुक भी सौंपी गई। शर्मा ने घोषणा की कि कोंटा से गोलापल्ली होते हुए किष्टाराम तक सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके अलावा किष्टाराम में मिनी स्टेडियम और मंगलागुड़ा में पुलिया निर्माण की भी घोषणा की।

युवाओं और महिलाओं को मिलेगा अवसर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 12वीं पास बहनों को “बैंक सखी” बनाया जाएगा। वहीं युवाओं को सीएससी सेंटर की ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सीएससी सेंटर खोले जाएंगे, जिससे रोजगार और डिजिटल सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को आसानी से मिलेगा।

बस्तर की पहचान उसका युवा

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और किसानों की ऋण माफी जैसी योजनाओं के जरिए ग्रामीणों को सीधा लाभ पहुँचाया है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे बस्तर ओलंपिक और बस्तर पांडुम जैसे आयोजनों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें और बस्तर का गौरव बढ़ाएँ।

इस अवसर पर बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी पी. सुंदरराज, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण, ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित सिंघल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *