मंडी में मजदूर की रहस्यमयी मौत, चेहरे पर चोट के निशान से बढ़ी आशंका

दुर्ग। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आज सुबह इंदिरा मार्केट सब्जी मंडी में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक की पहचान नरेश ठाकुर (32 वर्ष), निवासी राजीव नगर, दुर्ग के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 5:45 बजे सब्जी मंडी में एक युवक के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने पाया कि युवक की मौत हो चुकी है।

थाना प्रभारी तापेश्वर नेताम ने बताया कि मृतक सब्जी मंडी में ही रोजी-मजदूरी का कार्य करता था और स्थायी निवास स्थान न होने के कारण अक्सर मंडी या आसपास ही रात गुजारता था। वह शराब पीने का आदी था और मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित बताया जा रहा है।

सुबह चाय ठेले वाले ने जब युवक को अचेत अवस्था में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों पर संदेह बना हुआ है, क्योंकि शव के बाएं गाल पर चोट के निशान पाए गए हैं। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *