पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में पाक नागरिक का नाम मिलने से मचा बवाल

नेशनल डेस्कपश्चिम बंगाल के नैहाटी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को लेकर बड़ा विवाद उभर आया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया है कि सूची में एक पाकिस्तानी नागरिक का नाम शामिल है। उनके अनुसार कराची (पाकिस्तान) निवासी सलेया खातून का नाम नैहाटी के मतदाता सूची में दर्ज है। अर्जुन सिंह ने सवाल उठाया कि जब चुनाव आयोग मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) करने जा रहा है, तो ऐसे में पाकिस्तान की नागरिक का नाम कैसे शामिल हो गया।

भाजपा नेता ने सलेया खातून की तत्काल गिरफ्तारी और पाकिस्तान प्रत्यर्पण की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने ईमेल के माध्यम से चुनाव आयोग और गृह मंत्रालय को सलेया की पाकिस्तानी नागरिकता के दस्तावेज़ भेजे हैं। अर्जुन सिंह ने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले एक अन्य व्यक्ति आजाद मलिक के खिलाफ भी इसी तरह के आरोप लगे थे, जिन्होंने फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल करते हुए वोट डाला था।

नैहाटी की तृणमूल कांग्रेस विधायक सनत दे ने भी माना कि सलेया का पाकिस्तान से संबंध है। उन्होंने कहा कि वोटर कार्ड चुनाव आयोग द्वारा जारी किया जाता है, इसलिए जांच आयोग के जिम्मे है। उनके अनुसार, सलेया 28 साल पहले दुबई में कार्यरत व्यक्ति से शादी के बाद बंगाल आई थीं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलेया 1991 में कराची से भारत आई थीं और 2008 से पहले उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया गया। इसके बाद से वह लगातार वोटिंग कर रही हैं। उनके पति मोहम्मद इमरान ने मीडिया के सामने पुष्टि की कि उनकी पत्नी पाकिस्तानी नागरिक हैं।

हाल ही में प्रशासन ने सलेया का पासपोर्ट रद्द कर दिया है और राजनयिक कारणों से उनका वीज़ा भी नवीनीकृत नहीं किया गया। वर्तमान में वह अवैध रूप से भारत में रह रही हैं। उनके परिवार का कहना है कि मानवीय आधार पर उन्हें भारतीय नागरिकता दी जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *