नई दिल्लीः बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को अपने 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान जैसे बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं।
पार्टी द्वारा जारी सूची के मुताबिक, राजेश राम को एक बार फिर उनकी मौजूदा सीट कुटुंबा (औरंगाबाद) से टिकट दिया गया है, जबकि शकील अहमद खान को भी उनके वर्तमान निर्वाचन क्षेत्र कदवा (कटिहार) से उम्मीदवार बनाया गया है। यह घोषणा पहले चरण के नामांकन की अंतिम तारीख से ठीक एक दिन पहले की गई है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने यह सूची महागठबंधन के भीतर सीटों को लेकर बनी सहमति के बाद जारी की है। फिलहाल पार्टी द्वारा कुल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कुछ और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जा सकता है।
सूत्रों ने यह भी बताया कि कई प्रत्याशियों को पहले ही टिकट दिए जा चुके थे या उन्हें इसकी आधिकारिक जानकारी दे दी गई थी। बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे — पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

