नवंबर में दो बार छत्तीसगढ़ आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, राज्योत्सव और डीजी कॉन्फ्रेंस में होंगे शामिल

रायपुर। नवंबर महीना छत्तीसगढ़ के लिए खास होने जा रहा है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने दो बार प्रदेश का दौरा करेंगे। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री 1 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित राज्योत्सव समारोह में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की 25वीं स्थापना वर्षगांठ का शुभारंभ करेंगे।

राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी राज्य के पिछले 25 वर्षों की गौरवशाली उपलब्धियों को समर्पित भव्य समारोह में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे नए विधानसभा भवन, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय तथा ‘शांति शिखर’ ब्रह्माकुमारी प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण भी करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री का दूसरा दौरा 28 से 30 नवंबर के बीच निर्धारित है। इस दौरान वे नवा रायपुर में आयोजित डीजी कॉन्फ्रेंस (पुलिस महानिदेशक सम्मेलन) में भाग लेंगे। यह देशभर के शीर्ष पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन है, जिसमें आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय रणनीति से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी।

राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री के दोनों दौरों को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा, यातायात और आयोजन व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि इस बार का राज्योत्सव न केवल भव्य और ऐतिहासिक, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक आयोजन बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *