बिजली की चिंता हुई दूर, इस योजना से घर पर मिलेगी मुफ्त बिजली

धार। मध्यप्रदेश का धार जिला तेजी से ग्रीन एनर्जी की दिशा में अग्रसर हो रहा है। बिजली की बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में सौर ऊर्जा अपनाने का अभियान जोर पकड़ रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य क्रांति योजना के तहत उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने पर आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है, जिससे लोग बड़ी संख्या में इस पहल से जुड़ रहे हैं।

अब तक जिले के 928 उपभोक्ता योजना का लाभ उठा चुके हैं। इनके घरों और प्रतिष्ठानों में लगाए गए सोलर पैनलों से हर महीने करीब 20 से 25 लाख रुपये की बिजली की बचत हो रही है। इससे न केवल उपभोक्ताओं का खर्च घटा है, बल्कि विद्युत वितरण कंपनी पर भी भार कम हुआ है।

शहर से गांव तक सौर ऊर्जा का विस्तार

धार शहर में पिछले एक वर्ष में 498 घरेलू और 78 व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने आवेदन किए, जिनमें से 568 उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल स्थापित कर लिए हैं। वहीं, ग्रामीण अंचलों में भी रुचि बढ़ी है — 347 घरेलू और 37 व्यावसायिक आवेदनों में से 360 उपभोक्ताओं ने पैनल लगवाए हैं।

सब्सिडी से बढ़ रही लोगों की रुचि

योजना के तहत उपभोक्ताओं को 18 हजार रुपये प्रति किलोवाट तक की सब्सिडी दी जा रही है। एक औसत परिवार 1 लाख 80 हजार रुपये खर्च कर 3 किलोवाट की यूनिट लगवा सकता है, जो हर माह करीब 350 यूनिट तक बिजली उत्पादन करती है।

घरों में लगभग 200 से 250 यूनिट की खपत के बाद बची हुई बिजली विद्युत वितरण कंपनी (विविकं) को सप्लाई की जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी होता है।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम

धार जिले में सौर ऊर्जा का यह बढ़ता उपयोग न केवल बिजली की बचत में मददगार साबित हो रहा है, बल्कि यह स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारी मानते हैं कि अगर यह रफ्तार बनी रही, तो आने वाले समय में धार जिला सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *