राजभवन में दीपावली मिलन समारोह: राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हुए शामिल

रायपुर। दीपों के पर्व दीपावली के अवसर पर आज राजभवन में भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और सभी अतिथियों को दीपावली की मंगलकामनाएं देते हुए राज्य की समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला मती रानी डेका काकोटी एवं राज्यपाल के परिजन भी मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलकियों ने मोहा मन
समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति की झलक दिखाई दी। केशव राम यादव एवं उनके दल ने पारंपरिक राउत नाच की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, प्रसिद्ध सूफी गायक पद्म मदन चौहान के सुमधुर गीतों और विधायक अनुज शर्मा के भजनों ने समारोह में आध्यात्मिकता और उत्सव का समन्वय बखूबी प्रस्तुत किया।

गणमान्य हस्तियों की रही उपस्थिति
समारोह में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सांसद मती रूप कुमारी चौधरी, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, विधायकगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दीपों की जगमगाहट और सांस्कृतिक उमंग के बीच राजभवन में आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह छत्तीसगढ़ की परंपरा, सौहार्द और उत्सवधर्मिता का प्रतीक बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *