अमेजन का ऑटोमेशन कदम, लाखों नौकरियों पर खतरा — 6 लाख रोबोट तैनात करने की तैयारी

नई दिल्ली। ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन अब अपने संचालन में एक बड़ा तकनीकी परिवर्तन लाने की तैयारी में है। कंपनी आने वाले वर्षों में मानव कर्मचारियों की जगह उन्नत रोबोटिक सिस्टम लागू करने की दिशा में काम कर रही है। यह कदम अमेजन की कार्यकुशलता बढ़ाने और लागत कम करने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।

पिछले दो दशकों में अमेजन ने अपने वेयरहाउस और डिलीवरी नेटवर्क को व्यापक रूप से विस्तार दिया है। इस दौरान लाखों कर्मचारियों की भर्ती की गई और अनुबंधित ड्राइवरों का विशाल नेटवर्क तैयार हुआ। लेकिन अब कंपनी ऑटोमेशन के अगले चरण में प्रवेश कर रही है।

कंपनी से जुड़े आंतरिक दस्तावेजों और अधिकारियों के हवाले से पता चला है कि अमेजन की नई योजना का उद्देश्य है — आने वाले वर्षों में मानव श्रम पर निर्भरता को कम करते हुए उत्पादन और डिलीवरी प्रक्रियाओं को पूरी तरह स्वचालित (ऑटोमेटेड) बनाना।

ऑटोमेशन से बड़े पैमाने पर असर:
जानकारी के अनुसार, अमेजन की अमेरिकी इकाई में कर्मचारियों की संख्या 2018 के बाद से तीन गुना बढ़कर लगभग 12 लाख तक पहुंच चुकी है। हालांकि, कंपनी की रोबोटिक्स और ऑटोमेशन टीम का अनुमान है कि यदि नई तकनीकें योजनानुसार लागू होती हैं, तो 2027 तक लगभग 1.6 लाख नई भर्तियों की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे कंपनी को प्रति डिलीवरी आइटम पर करीब 30 सेंट की बचत होगी।

कंपनी के बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत रिपोर्ट के मुताबिक, अमेजन का लक्ष्य है कि 2033 तक अपनी बिक्री को दोगुना किया जाए, जबकि कर्मचारियों की संख्या स्थिर या कम रखी जाए। इसका अर्थ है कि अगले कुछ वर्षों में कंपनी को करीब छह लाख नई नौकरियों की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

75% कार्य होंगे स्वचालित:
आंतरिक अनुमानों के अनुसार, अमेजन की रोबोटिक्स डिवीजन का अंतिम उद्देश्य कंपनी के लगभग 75 प्रतिशत परिचालन कार्यों को ऑटोमेशन के दायरे में लाना है। इसके तहत वेयरहाउस में पैकेजिंग, सॉर्टिंग, शिपिंग और इन्वेंटरी प्रबंधन जैसे कार्य पूरी तरह मशीनों द्वारा संचालित किए जाएंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स सेक्टर में रोजगार के परिदृश्य को बदल सकता है। जबकि अमेजन इसे “तकनीकी उन्नयन और दक्षता वृद्धि” की दिशा में आवश्यक कदम बता रहा है, वहीं श्रम संगठनों ने इसे रोजगार में भारी कमी का संकेत माना है।

अगर यह योजना निर्धारित समय पर लागू हो जाती है, तो अमेजन दुनिया की पहली ऐसी कंपनी बन सकती है, जिसने अपने बड़े परिचालन ढांचे को लगभग पूरी तरह रोबोटिक तकनीक पर निर्भर बना लिया हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *