अनियमितताओं पर सख्ती, पटवारी और समिति प्रबंधक पर गिरी गाज

दुर्ग। जिले में किसानों के एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन को लेकर चल रहे शिविरों में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे शिविरों के पहले दिन कई सेवा सहकारी समितियों—सिरसाखुर्द, करंजा-भिलाई, कोड़िया और अहिवारा—का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि कुछ समितियों में किसानों के पंजीयन कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सीबीसी अधिकारी, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटरों को सख्त चेतावनी दी।

दो अधिकारियों पर कार्रवाई

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि करंजा-भिलाई की पटवारी अनिता साहू और अहिवारा सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक देवेंद्र साहू को लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की व्यक्तिगत जानकारी के अभाव में लंबित पंजीयन तुरंत पूरे किए जाएं।

किसानों से जुड़ी जानकारी सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर सिंह ने कहा कि सभी समितियां किसानों की सूची तैयार कर उनके मोबाइल नंबर पर पंजीयन से जुड़ी जानकारी भेजें। साथ ही किसानों को ऋण पुस्तिका, आधार नंबर और लिंक्ड मोबाइल नंबर के साथ शिविरों में आने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि पंजीयन स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी फ्लेक्स बैनर के माध्यम से प्रदर्शित की जाए, ताकि किसानों को स्पष्ट जानकारी मिल सके।

फौती और नामांतरण के मामलों में भी सख्ती

कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन किसानों के नाम फौती या नामांतरण की प्रक्रिया लंबित है, उन्हें राजस्व पटवारी प्रेरित करें, ताकि वे अपने नाम से धान विक्रय कर सकें। मृत किसानों के मामलों में मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध होने के बावजूद कार्यवाही लंबित रखने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पंजीयन की प्रगति

निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधकों ने कलेक्टर को बताया कि—

  • सिरसाखुर्द समिति में 1,196 पंजीकृत किसानों में से 1,090 का पंजीयन पूरा हो चुका है, 106 शेष हैं।
  • करंजा-भिलाई समिति में 1,161 में से 24 किसान शेष हैं।
  • कोड़िया समिति में 2,037 में से 17 किसान शेष हैं।
  • अहिवारा समिति में 1,616 में से 1,600 किसानों का पंजीयन पूरा हो गया है, जबकि 16 किसानों की व्यक्तिगत जानकारी अभी प्राप्त नहीं हो पाई है।
  • कलेक्टर ने निर्देश दिया कि सभी शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण किया जाए और व्यक्तिगत जानकारी तुरंत एकत्रित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी उपस्थित

इस मौके पर एसडीएम दुर्ग नगर उत्तम ध्रुव, एसडीएम भिलाई-3 महेश राजपूत, तहसीलदार प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, सीबीसी अधिकारी, समिति प्रबंधक और पंजीयन शिविर में पहुंचे कृषकबंधु मौजूद रहे।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन धान खरीदी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसे गंभीरता से लेकर समयसीमा में पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *