प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक समुद्री निवेश का केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की विशाल तटरेखा, आधुनिक बंदरगाहों और मजबूत बुनियादी ढांचे के कारण देश अब समुद्री क्षेत्र में निवेश के लिए दुनिया का सबसे उपयुक्त गंतव्य बन चुका है।
पीएम मोदी ने अपने लिंक्डइन पोस्ट में लिखा कि भारत की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, उन्नत पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और नवाचार की भावना निवेशकों के लिए जहाज निर्माण, लॉजिस्टिक्स, तटीय शिपिंग और अन्य समुद्री सेवाओं में नए अवसर लेकर आ रही है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत के पास 7,500 किलोमीटर से अधिक लंबी तटरेखा और विश्वस्तरीय बंदरगाहों का नेटवर्क है, जो देश को एक प्रमुख मैरिटाइम हब बनने की दिशा में अग्रसर कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र न केवल व्यापारिक कनेक्टिविटी को सशक्त करेगा, बल्कि ग्रीन शिपिंग, मूल्य संवर्धित सेवाओं और उद्योग-अनुकूल नीतियों के जरिये सतत विकास को भी गति देगा।
पीएम मोदी ने घरेलू व विदेशी निवेशकों से अपील की — “आइए, भारत की समुद्री प्रगति का हिस्सा बनिए। यहां अवसर हैं, संसाधन हैं और संकल्प भी।”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने लिखा —
“समुद्री क्षेत्र में निवेश करना हो तो भारत के पास आदर्श बंदरगाह है। हमारे पास लंबी तटरेखा, विश्वस्तरीय पोर्ट, सशक्त इंफ्रास्ट्रक्चर और नवाचार की शक्ति है। भारत में निवेश कीजिए और भविष्य की संभावनाओं का हिस्सा बनिए।”