अफगानिस्तान में तेज भूकंप के झटके, लोग घरों से बाहर भागे

इंटरनेशनल डेस्क : अफगानिस्तान के हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र में एक बार फिर शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 मापी गई। इसका केंद्र खुल्म शहर से करीब 22 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में, 28 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

भूकंप स्थानीय समयानुसार सोमवार रात 12 बजकर 59 मिनट पर आया, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक आए तेज झटकों के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को सतर्क कर दिया है।

हिंदूकुश — भूकंप का केंद्र बिंदु
हिंदूकुश पहाड़ी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। यह इलाका भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स की सीमा पर स्थित है, जहां प्लेटों की लगातार हलचल के कारण बार-बार भूकंप आते रहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इन टेक्टोनिक गतिविधियों के चलते भविष्य में भी ऐसे झटकों की संभावना बनी रहती है।

पिछले महीनों में कई भूकंपों से हिला देश
अफगानिस्तान पिछले कुछ महीनों से लगातार भूकंपीय झटकों का सामना कर रहा है।

  • 31 अगस्त 2025 को पूर्वी अफगानिस्तान में आए 6.0 तीव्रता के भूकंप में 2,200 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
  • 7 अक्टूबर 2023 को आए एक और 6.3 तीव्रता के भूकंप ने कम से कम 4,000 लोगों की जान ली थी।
  • हाल ही में 22 अक्टूबर 2025 को हिंदूकुश क्षेत्र में 5.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसके झटके राजधानी काबुल तक महसूस किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *