लोकतंत्र प्रहरी। दुर्ग | पथरिया-डोमा-बोरी मार्ग पर एक नया शराब भट्ठी खुलने के प्रस्ताव से आसपास के सभी गांवों के लोग आक्रोशित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बोरी गांव सभी शासकीय कार्यों का केंद्र है और इसी रास्ते पर स्कूल, कॉलेज व अस्पताल स्थित हैं। यह कदम छात्रों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है।

ज्ञापन सौंपने कलेक्ट्रेट दुर्ग पहुंचे ग्रामीणों का कहना है कि, बोरी गांव में तहसील, थाना, शासकीय स्कूल और कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं। रोजाना सैकड़ों छात्र और ग्रामीण अपने शासकीय कार्यों के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। प्रस्तावित शराब भट्ठी के पास इन संस्थानों का होना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय है।

ऐसी स्थिति में शराब भट्ठी खुलने से उस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा स्वाभाविक रूप से बढ़ जाएगा। इससे स्कूल और कॉलेज जाने वाले बच्चों पर बहुत गलत प्रभाव पड़ेगा और उनका आना-जाना मुश्किल हो जाएगा।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रशासन और आबकारी विभाग से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शराब भट्टी को किसी दूसरे उचित और रिहायशी इलाके से दूर स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। नहीं तो सभी ग्रामीण जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।