देश में गूंजेगा वंदे मातरम्: 150वीं वर्षगांठ पर छत्तीसगढ़ में होंगे भव्य आयोजन

रायपुर। देश की आत्मा को स्वर देने वाले राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” की रचना के 150 वर्ष पूरे होने पर केंद्र सरकार इस ऐतिहासिक अवसर को जनभागीदारी के साथ वर्षभर मनाने जा रही है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित यह राष्ट्रीय अभियान चार चरणों में पूरे देश में चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में भी ग्राम पंचायत से लेकर राज्य मुख्यालय तक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होने जा रही है।

प्रधानमंत्री करेंगे शुभारंभ, एक साथ गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’
अभियान का शुभारंभ 7 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। राष्ट्रीय कार्यक्रम सुबह 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन पर सीधा प्रसारित होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद पूरा देश एक साथ “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन करेगा। गीत के बोल और धुन नागरिकों के लिए पोर्टल vandemataram150.in पर उपलब्ध हैं, जिससे हर नागरिक इसमें ऑनलाइन भाग ले सकेगा।

चार चरणों में मनाया जाएगा अभियान
यह वर्षभर चलने वाला उत्सव चार चरणों में आयोजित होगा—

  • पहला चरण: 7 से 14 नवंबर 2025
  • दूसरा चरण: 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस सप्ताह)
  • तीसरा चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)

चौथा चरण: 1 से 7 नवंबर 2026
प्रत्येक चरण में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैलियों और जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में होगा विशेष आयोजन
राज्यभर में मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि इस महाअभियान से जुड़ेंगे। स्थानीय कलाकारों, छात्रों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी से यह आयोजन जनआंदोलन का रूप लेगा।

विद्यालयों में देशभक्ति गतिविधियाँ
राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में “वंदे मातरम्” थीम पर निबंध, भाषण, पोस्टर और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड एवं स्कूल बैंड समूहों द्वारा देशभक्ति गीतों की विशेष प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।

‘वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ’ से जुड़ेगा हर नागरिक
अभियान के तहत राज्यभर में “वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ” स्थापित किए जाएंगे, जहाँ नागरिक अपनी आवाज़ में “वंदे मातरम्” गाकर वीडियो अपलोड कर सकेंगे। यह पहल देशवासियों को राष्ट्रप्रेम व्यक्त करने का एक अनोखा अवसर प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ केवल इतिहास का उत्सव नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, सम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि यह अभियान नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *