दुर्ग | पुलगांव पुलिस ने ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में 85 लाख रुपये के गबन के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। हरीश पोया नामक आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही,इस मामले में अब तक पकड़े गए कुल आरोपियों की संख्या 10 हो गई है।
ज्ञात हो कि,ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक, शाखा दुर्ग के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित देशमुख ने पुलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बैंक के संग्रह कर्मचारियों ने 240 ग्राहकों, जिनमें हिरन बाई साहू (ग्राम चंद्रखुरी) भी शामिल थीं,से ऋण के रूप में कुल लगभग 85 लाख रुपये की राशि एकत्र की थी। हालांकि,यह राशि बैंक खाते में जमा नहीं की गई। जब बैंक ने ऋण लेने वाले ग्राहकों से संपर्क किया,तो उन्होंने बताया कि वे पहले ही भुगतान कर चुके हैं। जांच में पता चला कि बैंक की रकम को संग्रह कर्मचारियों ने अपने निजी उपयोग में खर्च कर गबन कर लिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर, थाना पुलगांव में धारा 420 (धोखाधड़ी), 409 (लोक सेवक, या बैंकर, व्यापारी या एजेंट द्वारा आपराधिक विश्वासघात), और 120-बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इस मामले में पहले 10 नवंबर 2025 को 6आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद,तीन अन्य आरोपियों को भी विगत दिनों गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।आज,मामले के एक अन्य आरोपी हरीश पोया (उम्र 28 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत पर भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित संदिग्धों की तलाश जारी है।