न्यूयॉर्क | अमेरिका के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चला सरकारी शटडाउन आखिरकार समाप्त हो गया है। 43 दिनों तक ठप पड़े सरकारी कामकाज को बहाल करने वाले विधेयक को कांग्रेस ने मंजूरी दे दी, जिसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस पर हस्ताक्षर कर इसे कानून का रूप दे दिया।
इस निर्णय के साथ ही हजारों संघीय कर्मचारियों को राहत मिली है, जिन्हें शटडाउन के दौरान नौकरी से निकाल दिया गया था। अब उन्हें फिर से बहाल किया जाएगा और बकाया वेतन का भुगतान भी किया जाएगा।
प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी ने 222-209 मतों से यह विधेयक पारित कराया, जबकि सीनेट पहले ही इसे मंजूरी दे चुकी थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे अपनी सरकार की “बड़ी जीत” करार दिया।
दरअसल, शटडाउन की जड़ में स्वास्थ्य सेवा सब्सिडी से जुड़ा विवाद था। डेमोक्रेटिक पार्टी किफायती देखभाल कानून (Affordable Care Act) के तहत टैक्स क्रेडिट की अवधि बढ़ाने की मांग कर रही थी, ताकि आम नागरिकों पर स्वास्थ्य बीमा का आर्थिक बोझ न बढ़े। रिपब्लिकन पार्टी इस प्रस्ताव से सहमत नहीं थी, जिससे गतिरोध उत्पन्न हुआ। अंततः दोनों दलों के बीच समझौता होने के बाद संकट खत्म हुआ।
समझौते के मुताबिक, अब 31 जनवरी 2026 तक सरकारी कामकाज बिना रुकावट जारी रहेगा। तीन प्रमुख वार्षिक व्यय विधेयकों को तत्काल वित्तपोषण प्रदान किया गया है। रिपब्लिकन पार्टी ने आश्वासन दिया है कि स्वास्थ्य सेवा सब्सिडी पर दिसंबर मध्य तक मतदान कराया जाएगा, हालांकि उसकी सफलता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
सरकारी कर्मचारियों के लिए यह समझौता फिलहाल राहत लेकर आया है, क्योंकि इसमें जनवरी तक किसी नई छंटनी पर रोक लगाने का भी प्रावधान शामिल है।