भिलाई। थाना मोहन नगर पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के चार मामलों में संलिप्त पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने रोजी-मजदूरी का बहाना बनाकर सूने मकानों की रेकी की और मौका पाकर चोरियां की थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग दो लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और 2200 रुपए नगद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते माह थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। फरियादियों की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहन नगर द्वारा विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से सुराग जुटाए गए। 3 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन सर्किट हाउस के पीछे पांच संदिग्ध युवक नीले रंग की स्कूटी और बजाज प्लेटिना बाइक पर चोरी का माल बेचने ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर सभी संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदातों को कबूल किया। आरोपियों के पास से चोरी गया कीमती माल बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने थाना मोहन नगर के चार प्रकरण –
अपराध क्रमांक 254/2,अपराध क्रमांक 215/25,अपराध क्रमांक 135/25,अपराध क्रमांक 214/25 के तहत चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकारा।
गिरफ्तार आरोपी: विशाल सिंह (32 वर्ष) – निवासी पावर हाउस, थाना छावनी, भिलाई,राजेश साहू (27 वर्ष) – निवासी पावर हाउस, थाना छावनी, भिलाई,संजय प्रसाद चौधरी (32 वर्ष) – निवासी कैंप-2, भिलाई, दुर्ग,सुनील देशलहरे (35 वर्ष) – निवासी थाना अंडा, जिला दुर्ग,भूपेन्द्र कुर्रे (39 वर्ष) – निवासी साजा, जिला बेमेतरा|
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।