भारत में जीत आसान नहीं, दक्षिण अफ्रीका को शुरुआत में दिखाना होगा दम— ग्रीम स्मिथ

मुंबई : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की बहुप्रतीक्षित सीरीज़ 14 नवंबर से कोलकाता में शुरू होने जा रही है। एक ओर भारतीय टीम अपने घरेलू मैदानों पर अजेय मानी जाती है, तो दूसरी ओर टेम्बा बवुमा की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका ने हाल के वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। यही कारण है कि यह सीरीज़ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के संदर्भ में भी बेहद अहम मानी जा रही है।

पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने आगामी सीरीज़ को लेकर कहा कि दक्षिण अफ्रीका के लिए भारत में वापसी करना कभी आसान नहीं होता, इसलिए टीम को शुरुआत से ही मजबूत प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा, “भारतीय परिस्थितियों में अगर आप शुरुआती विकेट जल्दी गंवा देते हैं, तो वापसी मुश्किल हो जाती है। टीम को पहले टेस्ट में लय पकड़नी होगी और शुरुआती झटकों से बचना होगा।”

स्मिथ ने विशेष रूप से भारतीय गेंदबाजों को लेकर कहा कि जसप्रीत बुमराह की शुरुआती स्पेल दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों की असली परीक्षा होगी। इसके बाद भारतीय स्पिनर मैदान में उतरेंगे, जिनके खिलाफ खेलना किसी भी विदेशी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण साबित होता है।

उन्होंने कगिसो रबाडा की तारीफ करते हुए कहा, “रबाडा हमारी गेंदबाजी इकाई का नेतृत्व करता है। उसकी लय और नई गेंद से नियंत्रण ही टीम की सफलता की कुंजी होगी। वहीं, केशव महाराज और साइमन हार्मर की स्पिन जोड़ी भारत में संतुलन प्रदान कर सकती है।”

ग्रीम स्मिथ ने उम्मीद जताई कि ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर रहेगी और कहा कि जब स्टेडियम दर्शकों से भरा होता है, तो वह माहौल खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

गौरतलब है कि स्मिथ की ही कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने भारत में अपनी एकमात्र टेस्ट सीरीज़ जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि अगर मौजूदा टीम मजबूत शुरुआत करती है, तो इस बार भी इतिहास दोहराया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *