नक्सल उन्मूलन अभियान, सुरक्षाबलों की जवाबी फायरिंग में 3 नक्सली ढेर

सुकमा । छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से रविवार सुबह सुरक्षाबलों की एक महत्वपूर्ण सफलता की खबर सामने आई है। भेज्जी और चिंतागुफा थाना क्षेत्रों के पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन नक्सलियों को मार गिराया गया है। मौके से हथियार एवं अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। वर्तमान में पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।

सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि डीआरजी की टीम को क्षेत्र में माओवादियों के जमावड़े की सूचना मिली थी। इसी आधार पर ऑपरेशन चलाया गया था। गश्त के दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी हमला किया। मुठभेड़ के बाद तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की गई है।

इसी सप्ताह छत्तीसगढ़ के पड़ोसी जिले बीजापुर में भी सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली थी। मंगलवार को राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में हुई भीषण मुठभेड़ में डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने छह नक्सलियों को ढेर किया था। वहां भी हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बीच इस वर्ष छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों के दौरान मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 262 हो गई है। इनमें 233 नक्सली केवल बस्तर संभाग के सात जिलों में ढेर किए गए हैं, जिसमें सुकमा प्रमुख है। इसके अलावा 27 नक्सली गरियाबंद में और 2 नक्सली दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मारे गए हैं।

सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मान रही हैं और आने वाले दिनों में अभियानों को और तेज करने की तैयारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *