रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए एक अहम निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) और व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की सभी परीक्षाओं में आधार कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
अब इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले हर अभ्यर्थी को फॉर्म भरने के बाद ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सरकार का मानना है कि इससे डुप्लीकेट, फर्जी और भ्रामक पहचान वाले मामलों पर पूरी तरह अंकुश लगेगा।
क्या होगा नया बदलाव?
- CGPSC और व्यापम फॉर्म भरने के बाद उम्मीदवार को आधार कार्ड से ई-केवाईसी करना होगा।
- इस प्रक्रिया से अभ्यर्थी का नाम, जन्मतिथि, फोटो, पता जैसे विवरण पहले से उपलब्ध रहेंगे।
- परीक्षा केंद्रों पर आधार डिटेल से अभ्यर्थी का मिलान कर परीक्षा में शामिल होने दिया जाएगा।
- फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान आसान होगी और परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनेगी।
सरकार के इस कदम को युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के नजरिए से सकारात्मक परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है। यह व्यवस्था राज्य में स्वच्छ, निष्पक्ष और विश्वसनीय भर्ती प्रक्रिया की दिशा में एक मजबूत पहल मानी जा रही है।