जनता को बड़ा तोहफ़ा—200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ करने का सरकारी ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र में महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर से राज्य में 200 यूनिट तक घरेलू बिजली बिल हाफ किया जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 36 लाख उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।

सरकार ने उन उपभोक्ताओं को भी राहत देने का निर्णय लिया है, जो 200 से 400 यूनिट तक बिजली खपत करते हैं। ऐसे लगभग 6 लाख उपभोक्ताओं को अगले एक वर्ष तक 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ का लाभ मिलेगा। सरकार का कहना है कि यह अवधि उपभोक्ताओं को ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत अपने घरों में सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु दी जा रही है, ताकि भविष्य में वे शून्य बिजली बिल की दिशा में आगे बढ़ सकें।

सोलर प्लांट पर सरकार की विशेष सब्सिडी

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन दे रही है।

  • 1 किलोवाट सोलर प्लांट पर — ₹15,000 सब्सिडी
  • 2 किलोवाट या उससे अधिक पर — ₹30,000 सब्सिडी

यह पहल ऊर्जा बचत के साथ-साथ आने वाले वर्षों में उपभोक्ताओं के बिजली बिल को हाफ से फ्री करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

विपक्ष का आरोप

वहीं, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने आरोप लगाया कि सरकार ने “जनता के दबाव” और बढ़ते असंतोष को देखते हुए यह घोषणा की है। उन्होंने 400 यूनिट तक बिजली बिल फ्री करने की मांग दोहराई।

सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ की ऊर्जा व्यवस्था में बड़ा बदलाव माना जा रहा है और इससे आम उपभोक्ताओं को सीधा आर्थिक फायदा मिलने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *