पीएम मोदी के संबोधन पर श्रीनेत का विवादित बयान—“कोई प्रशंसा योग्य नहीं”

नई दिल्ली कांग्रेस नेता और पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया भाषण को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर की सकारात्मक टिप्पणी को सिरे से खारिज कर दिया है। श्रीनेत ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री के संबोधन में “सराहना योग्य कुछ भी” नजर नहीं आया।

शशि थरूर ने पीएम मोदी के भाषण की प्रशंसा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था कि प्रधानमंत्री ने भारत की “रचनात्मक अधीरता”, उपनिवेशवाद-विरोधी मानसिकता और देश की आर्थिक दृढ़ता पर मजबूत संदेश दिया। थरूर ने यह भी कहा कि पीएम मोदी ने भारत को दुनिया के लिए एक “उभरता हुआ मॉडल” बताते हुए भावनात्मक रूप से लोगों की समस्याओं से जुड़े रहने की बात कही।

लेकिन सुप्रिया श्रीनेत ने थरूर की इस समीक्षा पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के भाषण में ऐसा कोई बिंदु नहीं था, जिसकी तारीफ की जाए। श्रीनेत ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बार-बार कांग्रेस की आलोचना की और महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने से बचते रहे।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री एक अखबार के कार्यक्रम में थे। उन्हें बताना चाहिए था कि निष्पक्ष पत्रकारिता से उन्हें क्या समस्या है। उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए था कि सच दिखाने और बोलने वालों से वे क्यों नाराज़ रहते हैं। मुझे उनकी सराहना का कोई कारण नहीं दिखा। समझ नहीं आता कि शशि थरूर को इसमें प्रशंसा योग्य क्या दिखा।”

वहीं थरूर ने अपने पोस्ट में पीएम मोदी द्वारा मैकाले की ‘गुलामी वाली मानसिकता’ को खत्म करने और भारत की विरासत तथा भाषाओं के पुनरुत्थान के लिए 10 साल के राष्ट्रीय मिशन की अपील को भाषण का मुख्य बिंदु बताया। उन्होंने कहा कि सर्दी और खांसी के बावजूद वे कार्यक्रम में शामिल होकर खुश थे।

कांग्रेस नेताओं के दो अलग-अलग सुर एक बार फिर पार्टी के भीतर वैचारिक मतभेदों को उजागर करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *