लुधियाना। पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को लाडोवाल टोल प्लाजा के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। दोनों आतंकियों का संबंध एक सक्रिय मॉड्यूल से बताया जा रहा है, जिसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने के भी संकेत मिले हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से 2 हैंड ग्रेनेड, 4 पिस्टल और 50 से ज्यादा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इससे एक बड़ी वारदात को टाला गया है।
सूत्रों ने बताया कि एक दिन पहले हरियाणा और बिहार के दो आतंकियों को हथगोले के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिनसे पूछताछ के दौरान इस मॉड्यूल की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने लाडोवाल टोल क्षेत्र में ट्रैप लगाया। लेकिन घेराबंदी के दौरान आतंकियों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। एक आतंकी की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एडीसीपी समीर वर्मा भी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया मॉड्यूल पाकिस्तान समर्थित था और किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ी घटना टाल दी गई।
पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है।