नई दिल्ली। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। अगले 24 घंटों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड तेज होने का अनुमान है, जबकि दक्षिणी राज्यों, अंडमान-निकोबार और तटीय प्रदेशों में बिजली गिरने, आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में बदलाव के साथ हवाओं की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
पश्चिमी और मध्य भारत में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी भारत में अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसी तरह मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी अगले 4 दिनों के भीतर रात के तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।
अंडमान सागर में तेज हवाएं, समुद्र में उथल-पुथल
अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जो कुछ जगहों पर 60 किमी/घंटा तक जा सकती है।दक्षिणी अंडमान सागर में यह गति 45-55 किमी/घंटा रहने की आशंका है, जो आगे बढ़कर 65 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। कई द्वीप क्षेत्रों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान की संभावना भी जताई गई है।
दक्षिण भारत में आंधी–बिजली और बारिश का अलर्ट
IMD ने केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आंधी–तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
21 से 24 नवंबर के दौरान दक्षिण भारत में मौसम अत्यधिक अस्थिर रहेगा, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 22 से 24 नवंबर के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका है।
पश्चिमी मध्यप्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति भी बन सकती है।
कई राज्यों में भारी बारिश के आसार
- तमिलनाडु, केरल और माहे में 21 से 26 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज–चमक जारी रहेगी।
- तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 26 नवंबर को बारिश हो सकती है।
- अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 20, 23 और 24 नवंबर को बारिश तथा 21–22 नवंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है।