राम मंदिर में पीएम मोदी का ध्वजारोहण, रामदरबार में पहली बार पूजा—अयोध्या में उमड़ा जनसैलाब

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। साकेत कॉलेज हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला जब राम जन्मभूमि मंदिर की ओर बढ़ा, तो सड़क किनारे खड़े हजारों लोगों ने “जय श्री राम” और “मोदी-मोदी” के नारों से स्वागत किया। जगह-जगह फूल बरसाए गए और शहर तिरंगे, भाजपा झंडों और रामध्वजों से सजा नजर आया।

प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने राम मंदिर के शिखर पर भव्य धर्म ध्वजारोहण किया। 22 फीट लंबा और 11 फीट चौड़ा यह विशेष ध्वज अहमदाबाद के एक विशेषज्ञ द्वारा तैयार किया गया है, जिसका वजन 2 से 3 किलोग्राम है। इसे तेज हवाओं और ऊंचाई पर भी सुरक्षित रूप से स्थापित रहने के लिए डिज़ाइन किया गया है। ध्वजारोहण के बाद दोनों नेताओं ने राम दरबार में पहली बार संयुक्त पूजा-अर्चना की और आरती उतारी।

प्रधानमंत्री ने रामलला के दर्शन किए और उनके लिए विशेष वस्त्र तथा चंवर अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित सप्त मंदिरों में भी पूजा की। ये मंदिर महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुह और माता शबरी को समर्पित हैं—जो भगवान राम के जीवन और आदर्शों से गहरे जुड़े हुए हैं।

नेताओं ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन सभ्यता, सांस्कृतिक मूल्यों और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। अयोध्या में चल रहे विकास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच यह ध्वजारोहण एक ऐतिहासिक क्षण बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *