उत्तर कोरिया की मिसाइलें अमेरिका तक? 48 राज्यों को घेरे में लेने की क्षमता ने बढ़ाया तनाव

वॉशिंगटन: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की बढ़ती परमाणु और मिसाइल महत्वाकांक्षाओं ने अब केवल दक्षिण कोरिया और जापान ही नहीं, बल्कि अमेरिका की भी चिंता बढ़ा दी है। ‘द न्यूजवीक’ द्वारा जारी किए गए नए नक्शे में खुलासा हुआ है कि उत्तर कोरिया की मिसाइल रेंज अब अमेरिका के मुख्य भूभाग (Mainland) तक पहुँचने में सक्षम है और 48 अमेरिकी राज्यों को सीधे निशाने पर ले सकती हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, किम जोंग उन संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों की अनदेखी करते हुए नई और अत्याधुनिक बैलिस्टिक मिसाइलें विकसित कर रहे हैं। ये मिसाइलें लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम हैं और रडार पर डिटेक्ट करना मुश्किल है। उत्तर कोरिया का दावा है कि यह हथियार अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के संयुक्त सैन्य अभ्यासों से सुरक्षा के लिए जरूरी हैं, जबकि पश्चिमी देशों के लिए यह एक गंभीर अल्टीमेटम है।

उत्तर कोरिया की मिसाइल ताकत को तीन मुख्य स्तरों में देखा जा रहा है:

  1. ह्वासोंग-9 (Scud-ER): 620 मील तक मार कर सकती है। यह दक्षिण कोरिया और जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों को निशाना बनाने में सक्षम है और मोबाइल लॉन्चर्स पर होने के कारण नष्ट करना मुश्किल है।
  2. ह्वासोंग-10 (BM-25 मुसुदन): 2,490 मील तक मार कर सकती है और प्रशांत महासागर में स्थित अमेरिकी रणनीतिक सैन्य ठिकाना गुआम को निशाना बना सकती है। 2,600 पाउंड का भारी वारहेड इसे घातक बनाता है।
  3. ह्वासोंग-14 (KN-20 ICBM): अमेरिका के लिए सबसे बड़ा खतरा। 6,460 मील तक मार करने में सक्षम इस मिसाइल का असर हवाई, अलास्का और अमेरिका के बड़े हिस्से तक पहुंच सकता है।

अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी (DIA) के अनुसार, फिलहाल उत्तर कोरिया के पास 10 से कम ऐसी मिसाइलें हैं जो अमेरिका तक पहुंच सकती हैं। लेकिन अनुमान है कि 2035 तक यह संख्या 50 तक बढ़ सकती है, जिससे उत्तर कोरिया वैश्विक सुरक्षा के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *