- बिल्डर नेता मनोज राजपूत सहित 6 गिरफ्तार
दुर्ग : छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा हाल ही में रजिस्ट्री शुल्क के नियमों में किए गए बदलावों के खिलाफ दुर्ग में पिछले आठ दिनों से जारी आंदोलन आज हिंसक हो गया, जिसके बाद प्रशासन को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। इस कार्रवाई में बिल्डर समुदाय के नेता मनोज राजपूत समेत करीब 5 से 6 आंदोलनकारी गिरफ्तार किए गए हैं।

दरअसल, समाजसेवी और बिल्डर एसोसिएशन के सदस्य रजिस्ट्री शुल्क की बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग कर रहे थे। अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने काले कपड़े पहनकर और हाथों में काले झंडे लेकर विरोध मार्च निकाला।

प्रदर्शनकारी जब दुर्ग के पटेल चौक पर पहुंचे, तो उन्होंने चक्का जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने रैली को BSNL कार्यालय के समीप ही बैरिकेड लगाकर रोक लिया। जब प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया, तो उनकी पुलिस के साथ तीखी धक्का-मुक्की हो गई।

स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब भीड़ में से किसी ने पुलिसकर्मियों पर डंडा-युक्त झंडा फेंककर चोट पहुंचाने की कोशिश की और पानी की बोतलें भी फेंकीं।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके से मनोज राजपूत सहित लगभग आधा दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।