Benefits of eating amrud: अमरूद का मीठा और क्रंची स्वाद जितना पसंद किया जाता है, उतना ही यह सेहत के लिए किसी रामबाण औषधि से कम नहीं है। पोषक तत्वों से भरपूर यह फल रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने से लेकर डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और पाचन समस्याओं तक कई बीमारियों में प्राकृतिक उपचार का काम करता है। अमरूद की तासीर ठंडी मानी जाती है, जो पेट संबंधी अनेक दिक्कतों को दूर करने में बेहद कारगर है।
आंखों की रोशनी को बनाए रखता है अमरूद
विशेषज्ञों के अनुसार अमरूद में मौजूद विटामिन-ए आंखों की सेहत के लिए बेहद लाभकारी है। नियमित रूप से एक अमरूद का सेवन करने से आंखों की कमजोरी दूर रहती है और मोतियाबिंद जैसी समस्याओं का खतरा भी कम हो सकता है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी
आजकल डायबिटीज तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल में रखना बेहद जरूरी है। अमरूद में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और हाई फाइबर इंसुलिन सेल्स के कार्य को बेहतर बनाते हैं। यही कारण है कि रोजाना एक अमरूद का सेवन ब्लड शुगर को नियंत्रित करने और कब्ज की समस्या को दूर करने में मददगार माना जाता है। इसमें मौजूद पोटैशियम और मैग्नीशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वजन घटाने में भी कारगर
अगर आप वजन कम करने की सोच रहे हैं तो अमरूद आपके आहार का हिस्सा जरूर होना चाहिए। इसमें मौजूद फाइबर भूख को नियंत्रित करता है और कम कैलोरी होने के कारण यह वजन घटाने में सहायता करता है।
दिल व पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद
अमरूद में विटामिन ए, सी, बी6, पोटैशियम, मैग्नीशियम, लाइकोपीन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो दिल को मजबूत बनाने और पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। अमरूद का नियमित सेवन डाइटरी फाइबर की पूर्ति करता है, जिससे पाचन बेहतर होता है और पेट साफ रखने में आसानी होती है।
माउथ इंफेक्शन में कच्चा अमरूद लाभकारी
एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुणों से भरपूर कच्चा अमरूद मुंह के संक्रमण में राहत देता है। यह छालों की समस्या को कम करता है और मुंह को स्वस्थ रखने में सहायक होता है।
इम्युनिटी बढ़ाने में मददगार
अमरूद में संतरे के मुकाबले अधिक विटामिन-सी पाया जाता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। इससे खांसी-जुकाम और मौसमी संक्रमण से बचाव होता है।
अमरूद का नियमित सेवन कई बीमारियों को दूर रखने के साथ संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का एक आसान और प्राकृतिक तरीका है।