दुर्ग : प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में की गई रजिस्ट्री शुल्क में वृद्धि और इसके विरोध में प्रदर्शनकारियों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में, भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव ने गुरुवार को दुर्ग के गांधी चौक पर उपवास कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में NSUI के कार्यकर्ता और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के रजिस्ट्री शुल्क में वृद्धि के निर्णय को लेकर अपना कड़ा विरोध जताया। विधायक देवेंद्र यादव ने सरकार के इस कदम को “तुगलकी फरमान” करार दिया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय ने आम जनता के घर बनाने के सपनों को तोड़ दिया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों लगातार 8 दिनों तक आम जनता और रियल एस्टेट से जुड़े व्यवसायियों ने बढ़ी हुई दरों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की थी। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया था, जिसे विधायक देवेंद्र यादव ने “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया।
यादव ने अपने बयान में कहा, “सरकार का यह निर्णय जनता के हितों के खिलाफ है और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करना अलोकतांत्रिक है।” प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार से तत्काल प्रभाव से रजिस्ट्री शुल्क की दरों को वापस लेने की मांग की।