दुर्ग। हिंदू युवा मंच ने दिनांक 6 दिसंबर 2025 को शौर्य दिवस (विजय संकल्प दिवस) का उत्सव भव्य मशाल रैली और महाआरती के साथ मनाया। यह कार्यक्रम अयोध्या में प्रभु श्रीरामचंद्र जी के भव्य मंदिर के निर्माण के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसे हिंदू समाज के लिए ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विजय का प्रतीक माना जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत “श्रीराम जयराम जय जय राम” के सामूहिक उद्घोष से हुई, जिसके बाद अग्रसेन चौक, दुर्ग से विशाल मशाल रैली निकाली गई। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रज्वलित मशालों के साथ “जय श्रीराम” के उद्घोष किए और पूरे शहर को राममय किया। रैली प्रभारी राजा देवांगन के नेतृत्व में सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई।

रैली के समापन पर भव्य महाआरती आयोजित की गई, जिसमें उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर धर्म-संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन और दिशा-निर्देशन प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू, प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष कुमार नायर और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में हिंदू युवा मंच के प्रमुख कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित रहे। जिला संपर्क प्रमुख प्रिंस तिवारी ने बताया कि विजय संकल्प दिवस का उद्देश्य हिंदू समाज में एकता, जागरूकता और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाना, प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना और युवा शक्ति को धर्म, राष्ट्र और समाज सेवा के संकल्प से जोड़ना है।
समापन संदेश में संगठन ने संकल्प लिया कि प्रभु श्रीराम की मर्यादा, आदर्श और विजय की परंपरा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ सम्पन्न हुआ।