मुंबई। अभिनेता गौरव खन्ना ने प्रणीत मोरे, फरहाना भट्ट, तान्या मित्तल और अरमान मलिक जैसे मजबूत कंटेस्टेंट्स को पछाड़ते हुए बिग बॉस 19 का खिताब अपने नाम कर लिया है। गौरव ट्रॉफी के साथ 50 लाख रुपये की प्राइज मनी भी लेकर गए। जीत के बाद उन्होंने अपने अनुभव और साथी प्रतिभागियों को लेकर खुलकर बातचीत की।
आईएएनएस से बातचीत में गौरव ने बताया कि बिग बॉस में आने के दो बड़े कारण थे—
पहला, सलमान खान से मिलने की ख्वाहिश। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले कभी सलमान सर से मिलने का मौका नहीं मिला था।
दूसरा, अपने फैंस से व्यक्तिगत रूप से जुड़ना। गौरव ने कहा कि फैंस उन्हें केवल शोज़ में देखते थे, वे चाहते थे कि लोग असली गौरव खन्ना को जानें।
अपनी जर्नी को याद करते हुए गौरव ने कहा कि बिग बॉस एक शो नहीं, बल्कि मैराथन है, जहां उतार—चढ़ाव, धैर्य और सही टाइमिंग बहुत मायने रखते हैं। उन्होंने कहा कि कई टास्क में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया, बावजूद इसके उनकी मेहनत को हमेशा सराहना नहीं मिली, लेकिन अंत में ट्रॉफी उनकी ही हुई। गौरव के शब्दों में—
“मैं खुद अपने काम का हल्ला नहीं करता, मेरे काम का शोर खुद-ब-खुद हो जाता है।”
फर्स्ट रनर-अप रहीं फरहाना भट्ट को लेकर गौरव ने कहा कि उन्होंने अच्छा खेला और हर खिलाड़ी का खेलने का अपना तरीका होता है। वहीं, अपने घनिष्ठ मित्र प्रणीत मोरे के एलिमिनेशन पर वे काफी भावुक दिखाई दिए। गौरव ने बताया कि दोनों ने एक-दूसरे से वादा किया था कि फिनाले में साथ खड़े होंगे, लेकिन जब प्रणीत टॉप फाइव से बाहर हुए तो उनकी आंखों में आंसू आ गए।
गौरव की जीत के साथ बिग बॉस 19 का सफर खत्म हुआ, लेकिन उनके ईमानदार खेल, शांत स्वभाव और वास्तविक छवि ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली है।