धीरेंद्र शास्त्री भिलाई में लगाएंगे दिव्य दरबार25 से 29 दिसंबर तक गूंजेगी हनुमंत कथा

भिलाई। देश भर में सनातन धर्म के प्रमुख ध्वजवाहक माने जाने वाले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, जिन्हें ‘बागेश्वर धाम सरकार’ के नाम से भी जाना जाता है, पहली बार भिलाई आ रहे हैं। वे यहां पांच दिवसीय ‘दिव्य श्री हनुमंत कथा’ का वाचन करेंगे। इस आयोजन को लेकर दुर्ग-भिलाई समेत पूरे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।

जयंती स्टेडियम के पास होगा आयोजन

सेवा समर्पण संस्था द्वारा आयोजित यह भव्य कथा 25 दिसंबर से 29 दिसंबर तक जयंती स्टेडियम के समीप एक विशाल ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। संस्था के संयोजक और कैबिनेट मंत्री राकेश पांडे ने एक पत्रकार वार्ता में इस आयोजन की विस्तृत जानकारी दी।

पांडेय ने बताया कि कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

27 दिसंबर को लगेगा विशेष दिव्य दरबार

आयोजन का मुख्य आकर्षण 27 दिसंबर को लगने वाला विशेष ‘दिव्य दरबार’ होगा। इस दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं की समस्याएं सुनेंगे, पर्ची निकालेंगे और उनके समाधान के उपाय बताएंगे। दिव्य दरबार को लेकर भक्तों में विशेष उत्सुकता है।

लाखों श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्था

आयोजन समिति ने अनुमान लगाया है कि कथा सुनने के लिए दुर्ग-भिलाई के अलावा पूरे छत्तीसगढ़ से लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। इसके मद्देनजर, आयोजन स्थल पर बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, निःशुल्क भोजन (भंडारा), पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पुख्ता तैयारी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *