टेरा ड्रोन इंडोनेशिया मुख्यालय में आग का तांडव; बैटरी ब्लास्ट से पूरी बिल्डिंग धुएं में घिरी

जकार्ता : इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता मंगलवार दोपहर एक भयावह हादसे का गवाह बनी, जब दक्षिण जकार्ता के सेटियाबुडी इलाके में स्थित 7 मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई। इस घटना में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 15 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। कई शव बुरी तरह जलने के कारण डीएनए टेस्ट से पहचान की जाएगी।

हादसा Terra Drone Indonesia के मुख्यालय में हुआ, जहां शुरुआती जांच के मुताबिक आग की शुरुआत पहली मंजिल पर स्थित लिथियम-आयन बैटरी स्टोरेज एरिया से हुई। शॉर्ट सर्किट के बाद बैटरियों में एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया और इमारत जहरीले धुएं से भर गई।

दोपहर करीब 1 बजे लंच टाइम के दौरान धमाकों से अफरा-तफरी मच गई। धुआं इतनी तेजी से ऊपर फैला कि कई लोग सीढ़ियों तक पहुंच ही नहीं सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। ऊपरी मंजिलों से लोग खिड़कियों के जरिए मदद की गुहार लगाते दिखे।

मौके पर 25 से अधिक दमकल गाड़ियां और 150 फायर फाइटर्स राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। छठी और सातवीं मंजिल पर सर्च ऑपरेशन देर शाम तक जारी रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और बैटरी स्टोरेज में लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह बनकर सामने आई है।

घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *