भिलाई में फिर चाकूबाजी, 3 घंटे में दूसरी वारदात; स्मृतिनगर में युवक पर धारदार हथियार से हमला, तीन घायल

भिलाई। शहर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। महज तीन घंटे के भीतर धारदार हथियार से हमला करने की दूसरी घटना सामने आई है। ताजा मामला स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र का है, जहां देर रात एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक अपने दोस्तों के साथ नेहरू नगर स्थित मेड मेकर के पास ठेले पर कुछ खाने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने चेहरे पर धारदार हथियार से लगातार वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि घायल युवक शराब के नशे में था। हमले के बाद मौके पर जमकर तोड़फोड़ भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्मृतिनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

फिलहाल झगड़े की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। शहर में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *