नई दिल्ली। उत्तर भारत में छाए घने कोहरे के चलते हवाई यातायात पर असर पड़ने लगा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने रविवार को यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए आगाह किया है कि कम दृश्यता के कारण कई एयरपोर्ट्स पर उड़ानों के समय में देरी या संचालन में बदलाव हो सकता है।
एएआई ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित हवाई अड्डों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों की सहायता के लिए पैसेंजर सपोर्ट टीमें तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी तरह की असुविधा को कम किया जा सके। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें।
इस बीच, निजी एयरलाइन इंडिगो ने भी मौसम को देखते हुए अलग से सूचना जारी की है। एयरलाइन के अनुसार, बेंगलुरु और अमृतसर समेत कुछ शहरों में कम विजिबिलिटी और कोहरे की वजह से उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है। इंडिगो ने कहा कि उसकी टीमें मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर भारत के कई इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है। कोहरे के कारण न केवल दृश्यता में भारी गिरावट आई है, बल्कि वायु गुणवत्ता भी खराब हुई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी कोहरे का असर बना रह सकता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मौसम और फ्लाइट अपडेट पर नजर रखें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए पहले से तैयारी करके निकलें।