पूर्व नगर निगम कमिश्नर के नाम पर ठगी की कोशिश, सोशल मीडिया पर फर्जीवाड़ा

रायपुर। दुर्ग नगर निगम के पूर्व आयुक्त एस.के. सुंदरानी के नाम का दुरुपयोग कर साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर उनके नाम से एक फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों ने सुंदरानी के नाम से नकली प्रोफाइल बनाकर एक भ्रामक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि उनके एक परिचित सीआरपीएफ में पदस्थ हैं और ट्रांसफर के चलते उनका फर्नीचर बेहद कम कीमत पर उपलब्ध है। इसी बहाने लोगों को सस्ते फर्नीचर का लालच देकर ठगी करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्ट में एक मोबाइल नंबर भी साझा किया गया है, जिससे लोगों को संपर्क करने के लिए उकसाया जा रहा है।

मामले की जानकारी मिलते ही एस.के. सुंदरानी ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के जरिए स्पष्टीकरण जारी किया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उक्त पोस्ट और अकाउंट पूरी तरह फर्जी हैं और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।

सुंदरानी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के फर्जी अकाउंट और पोस्ट से सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार के पैसे का लेन-देन न करें। उन्होंने साइबर ठगों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित एजेंसियों को देने की भी सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *