भिलाई/दुर्ग | दुर्ग पुलिस अब आधुनिक अपराधों और साइबर चुनौतियों से निपटने के लिए और भी सशक्त होने जा रही है। मंगलवार को दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग (IPS) ने रेंज साइबर थाना तथा साइबर ट्रेनिंग सेंटर भवन के लिए चयनित भूमि का विधिवत पूजन किया। इसके साथ ही, रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में नवनिर्मित ‘दधीचि प्रशिक्षण हॉल’ का भी उद्घाटन किया गया।
साइबर अपराधों पर लगेगी लगाम:
सेक्टर 06 स्थित महिला थाना के पास आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती हैं। रेंज साइबर थाना और विशेष ट्रेनिंग सेंटर बन जाने से न केवल अपराधों की रोकथाम होगी, बल्कि पुलिस कर्मियों को विवेचना के आधुनिक गुर भी सिखाए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस ट्रेनिंग सेंटर से पुलिस की कार्यक्षमता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
दधीचि हॉल में मिलेगी ट्रेनिंग:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल (IPS) की उपस्थिति में पुलिस लाइन स्थित दधीचि प्रशिक्षण हॉल का लोकार्पण किया गया। इस हॉल का उपयोग पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न विषयों पर निरंतर प्रशिक्षण देने के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, एएसपी (IUCAW) पद्मश्री तंवर, डीएसपी (लाइन) चंद्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, साइबर रेंज थाना प्रभारी पुष्पेंद्र भट्ट, उप निरीक्षक संकल्प राय और महिला थाना प्रभारी नीता राजपूत सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।