रायपुर। नवा रायपुर स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे शैक्षणिक परिसर को स्तब्ध कर दिया। विश्वविद्यालय की एक बहुमंजिला इमारत से गिरने के कारण एक विदेशी छात्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृत छात्र की पहचान नाइजीरिया के रहने वाले सैम के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय में एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह पिछले कुछ समय से नवा रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। हादसे के बाद साथी छात्र और शिक्षक भी सकते में आ गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले विश्वविद्यालय परिसर में किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। एक विदेशी छात्रा द्वारा मृतक पर अनुचित व्यवहार का आरोप लगाए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। इसी बीच छात्रा का परिचित भी परिसर में पहुंच गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी दौरान छात्र के इमारत से गिरने की घटना हुई।
हादसे के बाद मामले से जुड़े दो विदेशी छात्र-छात्राओं ने स्वयं थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है।
यह मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की बात कही है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।