- भिलाई की जमीन पर कराई जाएगी घर वापसी
- 5 दिवसीय हनुमंत कथा में सजेगा दिव्य दरबार
दुर्ग.लोकतंत्र प्रहरी। छत्तीसगढ़ के भिलाई में 5 दिवसीय हनुमंत कथा करने पहुंचे बागेश्वर धाम वाले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि,बांग्लादेश में हिंदू युवा के साथ जो हुआ है वह भारत में न हो। इसलिए हिंदुओं को एक जुट होना पड़ेगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि भारत में कैंसर से ज्यादा खतरनाक धर्मांतरण और मतांतरण है। पूजा-पाठ के नाम धर्मांतरण करवाना गलत है। छत्तीसगढ़ में एशिया के सबसे बड़े चर्च के सामने कथा करेंगे।

पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जीवन जीने के लिए दो चीजें बहुत जरूरी है। पहला है व्यवस्था और दूसरा है आस्था। व्यवस्था हमारे भारतीय संविधान दी है। जिसे बाबा साहेब आंबेडकर जैसे विद्वान ने संजोया है। वहीं आस्था हमें धर्म से मिलती है। भारत हिंदू राष्ट्र तब बनेगा जब गौ माता बचेगी। हनुमान कथा से हिंदुत्व का प्रचार होगा। हिंदुओं की आबादी लगातार घटती जा रही है। हम 90 से 80 प्रतिशत में आ गए हैं। अब हमें हिंदुओं को बचाना है।
पं. प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कथावाचक न कहकर टोना-टोटका बताने वाले पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बयान पर कहा कि हम नेता नहीं है। नेताओं के सवालों का जवाब देना जरूरी नहीं समझते। जिन्हें हिंदुओं को जगाना अंधविश्वास लगता है, उन्हें राष्ट्र छोड़ देना चाहिए। हिंदुओं का दुर्भाग्य है कि हम जातिवाद जैसे चीजों में फंसकर रह गए है। दिव्य दरबार के साथ ही जो लोग मन से घर वापसी करना चाहते हैं, भिलाई की जमीन पर उनकी घर वापसी कराई जाएगी। वे छत्तीसगढ़ में कथा के साथ ही पदयात्रा भी करेंगे। इसकी सूचना जल्द ही दी जाएगी। वहीं 27 दिसंबर को दिव्य दरबार लगेगा।

आपको बता दें,छत्तीसगढ़ के भिलाई में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वर धाम की दिव्य हनुमंत कथा का गुरुवार आरंभ हो गया है। रायपुर से लेकर भिलाई तक पं. धीरेंद्र शास्त्री की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शोभायात्रा निकाली गई। चौक-चौराहों में फूलों की वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया।
उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि,छत्तीसगढ़ से सदियों पुराना नाता है। छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है। ऐसे में यह भी उनका ननिहाल ही है। भिलाई ने देश को सबसे ज्यादा आईआईटीयन छात्र दिए हैं। भिलाई छत्तीसगढ़ की शिक्षाधानी और कुबेर भी है। यह सौभाग्य है कि छत्तीसगढ़ की धरा में दिसंबर के महीने में कथा करने का अवसर मिला है। परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। बाबा ने बड़ा ही सुंदर संदेश दिया था मनखे-मनखे एक समान। यही हिंदू राष्ट्र की संकल्पना है।

इसके अलावा वक्फ बोर्ड के सवाल पर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सनातन बोर्ड की स्थापना होना बेहतर है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर सनातन बोर्ड न भी बने, तो संविधान बोर्ड बंद होना ज्यादा बेहतर होगा। छुआछूत और जातिवाद के सवाल पर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यह हिंदुओं का दुर्भाग्य है कि जातिवादी विचारधारा आज भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि देश की उन्नति जातिवाद से नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद से होगी। इसके अलावा हनुमान चालीसा पर भी उन्होंने कहा कि, हनुमान चालीसा तो सब पढ़ते हैं लेकिन इसका अर्थ कितने लोग समझते हैं। इसलिए मुंबई में कथा के दौरान ही घोषणा कर दी थी कि भिलाई की कथा हनुमान चालीसा पर आधारित होगी।