नई दिल्ली। रेलवे मंत्रालय ने शुक्रवार से नया पैसेंजर किराया स्ट्रक्चर लागू कर दिया है। इसके तहत उपनगरीय क्षेत्रों से बाहर की साधारण (नॉन-एसी) यात्राओं में स्लीपर, फर्स्ट क्लास और सेकंड क्लास के किराए में मामूली बढ़ोतरी की गई है। मंत्रालय का कहना है कि यह फैसला रेलवे की वित्तीय स्थिरता बनाए रखते हुए यात्रियों की वहन क्षमता (अफोर्डेबिलिटी) को ध्यान में रखकर लिया गया है।
साधारण नॉन-एसी क्लास में कितना बढ़ा किराया
रेलवे के अनुसार, सेकंड क्लास ऑर्डिनरी का किराया 215 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए पहले जैसा ही रहेगा, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
हालांकि, लंबी दूरी की यात्राओं में किराया इस प्रकार बढ़ाया गया है—
- 216 से 750 किमी तक: 5 रुपये की बढ़ोतरी
- 751 से 1,250 किमी तक: 10 रुपये की बढ़ोतरी
- 1,251 से 1,750 किमी तक: 15 रुपये की बढ़ोतरी
- 1,751 से 2,250 किमी तक: 20 रुपये की बढ़ोतरी
उपनगरीय यात्रियों को राहत
रेलवे मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकटों (सबअर्बन और नॉन-सबअर्बन दोनों रूट) पर इस किराया वृद्धि का कोई असर नहीं पड़ेगा।
मेल-एक्सप्रेस और एसी क्लास में मामूली बढ़ोतरी
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी और एसी सभी श्रेणियों—स्लीपर, फर्स्ट क्लास, एसी चेयर कार, एसी 3-टियर, एसी 2-टियर और एसी फर्स्ट क्लास—में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।
रेलवे के मुताबिक, उदाहरण के तौर पर 500 किलोमीटर की नॉन-एसी मेल या एक्सप्रेस यात्रा पर करीब 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
प्रमुख ट्रेनों पर भी लागू होंगे नए रेट
यह संशोधित किराया ढांचा राजधानी, तेजस, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, युवा एक्सप्रेस, गतिमान, महामना और नमो भारत रैपिड रेल सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों पर भी लागू होगा, जहां क्लास-वाइज बेसिक किराए में बदलाव किया गया है।
अन्य चार्ज जस के तस
रेलवे ने साफ किया है कि रिजर्वेशन फीस, सुपरफास्ट सरचार्ज और अन्य शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जीएसटी पहले की तरह लागू रहेगा और किराए का राउंड ऑफ मौजूदा नियमों के अनुसार ही होगा।
कब से लागू होंगे नए किराए
संशोधित किराए 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होंगे। इससे पहले बुक किए गए टिकटों पर यात्रियों से कोई अतिरिक्त राशि नहीं ली जाएगी। नए रेट के अनुसार स्टेशन पर किराया सूची भी अपडेट की जाएगी।