रेल यात्रियों को अलर्ट: 1 जनवरी से दक्षिण पूर्व रेलवे की 24 ट्रेनों का बदलेगा शेड्यूल

चक्रधरपुर। नए साल के साथ रेल यात्रियों को बदली हुई समय-सारिणी के अनुसार सफर करना होगा। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने घोषणा की है कि 1 जनवरी 2026 से चक्रधरपुर रेल मंडल से जुड़ी 24 ट्रेनों का टाइम टेबल संशोधित किया जा रहा है। इसमें एक्सप्रेस, वंदे भारत और मेमू ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने और तकनीकी कारणों से किया गया है। संशोधित शेड्यूल के तहत हावड़ा, शालिमार, टाटानगर और राउरकेला से चलने वाली या वहां समाप्त होने वाली कई ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में 5 मिनट से लेकर 30 मिनट तक का अंतर देखने को मिलेगा।

 इन ट्रेनों के समय में होगा बदलाव

नई समय-सारिणी के अनुसार, हावड़ा से लोकमान्य तिलक जाने वाली समरसत्ता एक्सप्रेस अब पहले से 10 मिनट पहले रवाना होगी, जबकि ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और ओखा एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में भी 5 मिनट का संशोधन किया गया है। शालिमार से चलने वाली भुज और उदयपुर सुपरफास्ट ट्रेनों का समय भी बदला गया है।

वहीं, दुरंतो एक्सप्रेस, स्टील एक्सप्रेस और चक्रधरपुर-आद्रा-हावड़ा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के प्रस्थान और आगमन समय में भी बदलाव लागू होगा। टाटानगर से चलने और वहां पहुंचने वाली वंदे भारत ट्रेनों के समय में भी संशोधन किया गया है, जिससे यात्रियों को नई टाइमिंग का ध्यान रखना जरूरी होगा।

राउरकेला सेक्शन में भी कई एक्सप्रेस, राज्यरानी और मेमू ट्रेनों के समय बदले गए हैं। इनमें पुरी एक्सप्रेस, जयनगर एक्सप्रेस, गुणुपूर-राउरकेला राज्यरानी एक्सप्रेस और राउरकेला-चक्रधरपुर मेमू शामिल हैं। इसके अलावा खड़गपुर-राउरकेला पैसेंजर और गोमो रूट की मेमू ट्रेन के आगमन समय में भी बदलाव किया गया है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 1 जनवरी 2026 के बाद यात्रा करने से पहले संबंधित ट्रेन का अपडेटेड टाइम टेबल जरूर जांच लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *