दुर्ग | नगर पालिक निगम दुर्ग के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 43 मुक्त नगर में नालों की साफ-सफाई व्यवस्था का आज महापौर अलका बाघमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नालों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए बांस डालकर सिल्ट की गहराई की जांच की, जिसमें नाले में करीब एक फुट तक गाद (सिल्ट) जमी पाई गई। इससे साफ हुआ कि सफाई कार्य ठीक से नहीं कराया गया है।
इस लापरवाही पर महापौर ने गहरी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तुरंत सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लोक-कर्म विभाग प्रभारी देव नारायण चंद्रकार, वार्ड पार्षद दीपक साहू, अजय वर्मा और उप-अभियंता हरीशंकर साहू उपस्थित रहे। वार्ड पार्षद दीपक साहू ने क्षेत्र में जलभराव की समस्या उठाते हुए जेल रोड और केंद्रीय विद्यालय जेल रोड नाले की सफाई का मुद्दा रखा।

इस पर महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेल रोड और मालवीय नगर के नालों को आपस में जोड़ने की कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे बारिश के मौसम में पानी की निकासी सुचारू हो सके और जलभराव की समस्या से राहत मिले।
महापौर अलका बाघमार ने स्पष्ट कहा कि शहरवासियों की सुविधा से जुड़े कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और नालों की सफाई कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरी कराई जाए। निरीक्षण में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।