जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ी, दिल्ली AIIMS में इलाज जारी

नई दिल्ली: भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की स्वास्थ्य स्थिति अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें सोमवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, 74 वर्षीय धनखड़ को पिछले एक हफ्ते में दो बार बेहोशी के दौरे पड़े, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।

MRI और गहन जांचें जारी

एम्स में उन्हें एमआरआई समेत कई गहन जांचों के लिए रखा गया है। वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है और सभी संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर रही है।

पहले भी हो चुके हैं बेहोशी के दौरे

जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी को धनखड़ वॉशरूम में थे, तभी उन्हें दो बार बेहोशी के दौरे पड़े। इसके बाद उन्होंने 12 जनवरी को एम्स जाकर जांच कराई, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर पाए जाने पर तुरंत भर्ती होने की सलाह दी।

पूर्व उपराष्ट्रपति के स्वास्थ्य के बारे में बताया गया है कि यह कोई नई समस्या नहीं है। इससे पहले भी वह कच्छ के रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान बेहोश हो चुके हैं। लगातार घटती सेहत के कारण ही उन्होंने अपने कार्यकाल को पूरा करने से पहले उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था।

स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा

धनखड़ ने 21 जुलाई, 2025 को संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के तहत स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के समय उन्होंने प्रधानमंत्री, मंत्रिपरिषद और सांसदों को सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद दिया था।

पूर्व उपराष्ट्रपति को सरकारी आवास, चिकित्सा सुविधाएं और लगभग दो लाख रुपये प्रति माह पेंशन मिलती है। फिलहाल उनकी निगरानी AIIMS के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम कर रही है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार अपडेट लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *