चाईनीज मांझे पर सख्त प्रतिबंध, महापौर–आयुक्त ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

दुर्ग |  नगर पालिक निगम।शासन द्वारा नायलोन, सिंथेटिक अथवा किसी भी प्रकार के धारदार पदार्थ युक्त धागे (चाईनीज मांझा) के उत्पादन, विक्रय, भंडारण, आपूर्ति एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बताया कि चाईनीज मांझे के कारण लगातार गंभीर दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों एवं बच्चों के लिए यह मांझा अत्यंत घातक साबित हो रहा है, जिससे जन-जीवन को भारी खतरा उत्पन्न हो रहा है।

महापौर एवं आयुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की है कि पतंग उड़ाने के दौरान चाईनीज मांझे का उपयोग बिल्कुल न करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। साथ ही, प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित एवं पर्यावरण हितैषी धागों का ही उपयोग करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और शहर सुरक्षित बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *