IND vs NZ रायपुर वनडे: टिकट बिक्री में रिकॉर्ड, छात्रों को 800 रुपये में स्टेडियम में बैठने का मौका

IND vs NZ Raipur: राजधानी रायपुर क्रिकेट के रंग में पूरी तरह डूब चुकी है। 23 जनवरी को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है, जिसका अंदाजा टिकट बिक्री से ही लग गया।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने गुरुवार सुबह 7 बजे ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू की थी। जैसे ही टिकट उपलब्ध हुए, कुछ ही मिनटों में वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक उमड़ पड़ा। ₹2000 की टिकट श्रेणी सबसे पहले खत्म हुई और महज 10 मिनट के भीतर यह पूरी तरह सोल्ड आउट हो गई। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य कैटेगरी के टिकट भी बिकते चले गए और करीब साढ़े आठ बजे तक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एक भी टिकट उपलब्ध नहीं बचा।

ऑनलाइन टिकट न मिलने से निराश दर्शकों, खासकर छात्रों के लिए अब एक और अवसर दिया गया है। शुक्रवार से स्टेडियम परिसर में ऑफलाइन टिकट काउंटर शुरू किए जा रहे हैं। यहां छात्रों को ₹800 की रियायती दर पर टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन कोटे की सभी सीटें पहले ही भर चुकी हैं, ऐसे में स्टेडियम काउंटर से टिकट खरीदना ही आखिरी विकल्प होगा।

मैच से पहले दोनों टीमें 22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगी। इसके साथ ही अभ्यास सत्रों की शुरुआत हो जाएगी। खिलाड़ी 22 और 23 जनवरी को स्टेडियम में प्रैक्टिस करेंगे, जिससे शहर में क्रिकेट का रोमांच और भी चरम पर पहुंच जाएगा। IND vs NZ रायपुर मुकाबले को लेकर फैंस अब बेसब्री से मैच के दिन का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *