मुंबई। महाराष्ट्र में बीएमसी सहित 29 नगर निगमों के चुनाव नतीजों की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। कई बड़े शहरी निकायों में पार्टी को बढ़त मिलने की खबरों के बीच राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।
इसी बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ घटनाएं आम लोगों के मन में भ्रम और संदेह पैदा कर रही हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अखबारों में छपी खबरों के हवाले से मतदान के दौरान उंगली पर लगाई जाने वाली स्याही के जल्दी मिटने के मामलों का जिक्र किया।
राहुल गांधी का कहना है कि ऐसी घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जनता के विश्वास को कमजोर करती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं का विश्वास बना रहे। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता लोकतंत्र की जड़ों को नुकसान पहुंचाती है और इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।
उनके इस बयान के बाद चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ दल की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है, जबकि राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई है।