भिलाई-3 : डॉ खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 के गृह विज्ञान विभाग द्वारा भूतपूर्व छात्राओं की बैठक का सफल एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं भूतपूर्व छात्रों का कुमकुम लगाकर आत्मीय स्वागत करते हुए किया गया, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. कमल किशोर शर्मा ने अपने ओजस्वी एवं प्रेरक उद्बोधन में कहा कि भूतपूर्व छात्र किसी भी शैक्षणिक संस्था की विरासत होते हैं। वे अपने ज्ञान, अनुभव और सामाजिक दायित्वों के माध्यम से संस्था की मूल परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व छात्रों की सहभागिता से वर्तमान छात्रों को न केवल प्रेरणा मिलती है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है। उन्होंने ने इस प्रकार के आयोजनों को शिक्षा और समाज के बीच सेतु बताते हुए आयोजन की सराहना की तथा मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सभी उपस्थितजनों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी।

इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ भारती सेठी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्था की पहचान और प्रतिष्ठा उसके भूतपूर्व छात्रों से निर्मित होती है। ये पूर्व छात्र केवल संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि उसकी जीवंत धरोहर होते हैं। उनके संघर्षों की कहानियाँ, अनुभवों की गहराई और सफलता की ऊँचाइयाँ वर्तमान पीढ़ी के छात्रों के लिए न केवल प्रेरणा का स्रोत हैं, बल्कि उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं। उन्होंने गृह विज्ञान विभाग द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं संस्थान के प्रति जुड़ाव को सशक्त बनाते हैं। साथ ही उन्होंने भूतपूर्व छात्रों से महाविद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गृह विज्ञान विभाग की प्राध्यापक डॉ अल्पना देशपांडे ने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों तथा भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गृह विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित एवं बेहतर ढंग से जीने की कला सिखाने वाला महत्वपूर्ण अनुशासन है। उन्होंने भूतपूर्व छात्राओं के योगदान की प्रशंसा करते हुए विभाग की प्रगति में उनकी भूमिका को सराहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की भूतपूर्व छात्र समिति की संयोजक श्रीमती मंजू दांडेकर उपस्थित रहीI
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन भूतपूर्व छात्रा सुश्री हर्षा वर्मा द्वारा किया गया। बैठक के दौरान सहभागिता एवं मनोरंजन को बढ़ाने के उद्देश्य से अल्फाबेट मेकिंग, म्यूजिकल चेयर सहित विविध खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कु. मानसी देवांगन द्वारा स्नेहपूर्वक तैयार कर लाया गया एल्मुनी फोटोग्राफी लाइटिंग केक काटकर एल्मुनी मीत सेलिब्रेशन किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण और अधिक आत्मीय, उत्सवपूर्ण एवं स्मरणीय बन गया।

इसके साथ ही “मिस होम साइंस” का खिताब सुश्री हर्षा वर्मा को तथा “मिस इवनिंग” का खिताब गंगा यदु को उनके उत्कृष्ट व्यक्तित्व, आत्मविश्वास एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के आधार पर प्रदान किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं व्यक्तित्व के प्रदर्शन का उपयुक्त मंच प्राप्त हुआ। कु दीप्ति नेताम ने डांस सुंदर प्रस्तुति के साथ धन्यवाद प्रेषित कियाI कार्यक्रम के समापन अवसर पर भूतपूर्व छात्रों ने इस आयोजन को अत्यंत स्मरणीय बताते हुए गृह विज्ञान विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।